बेरमो /डीवीसी के 7 जुलाई को आयोजित होने वाले 79वें स्थापना दिवस समारोह को लेकर पिछले कुछ दिनों से बना संशय समाप्त हो गया है। निगम मुख्यालय कोलकाता ने नया आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी कर समारोह को हरी झंडी दे दी है l
पूर्व में मुख्यालय ने मई महीने में दी गई वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया था। लेकिन अब जारी नए आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 79वां स्थापना दिवस समारोह अपने निर्धारित दिन यानी 7 जुलाई को ही आयोजित किया जाएगा। वरिष्ठ महाप्रबंधक सुदीप्त भट्टाचार्य के हस्ताक्षर से जारी नए दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि इस बार आयोजन का स्वरूप पूरी तरह से अनुशासित और मितव्ययिता पर आधारित होगा। उत्सव के दौरान होने वाले खर्चों को 18 मई को जारी मूल मंजूरी आदेश संख्या 941 के तहत तय बजट के भीतर ही कड़ाई से सीमित रखना होगा, जिसमें जीएसटी भी शामिल है। आदेश में सरकार के निर्देशों और आंतरिक वित्तीय सलाह को ध्यान में रखते हुए फिजूलखर्ची पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया है। सभी विभागों और प्रोजेक्ट प्रमुखों को खर्चों को युक्तिसंगत बनाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
गरिमा बनी रहेगी:
निगम प्रबंधन ने साफ किया है कि बजट में कटौती और सादगी बरतने के बावजूद इस ऐतिहासिक आयोजन की गरिमा कम नहीं होनी चाहिए। यह उत्सव संगठन के विजन, मिशन, रणनीतिक उद्देश्यों और हितधारकों तक उसकी प्रभावी पहुंच को अनुशासित तरीके से प्रदर्शित करने का जरिया बनेगा।
नए आदेश के बाद अब डीवीसी के सभी प्रोजेक्टों और मुख्यालय में सादगीपूर्ण तरीके से स्थापना दिवस मनाने की तैयारियां नए सिरे से शुरू हो गई हैं।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
