बोकारो: बोकारो पुलिस ने अवैध विदेशी शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चन्द्रपुरा थाना क्षेत्र के तेलो पूर्वी बहियारटांड़ में संचालित एक अवैध शराब निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है तथा भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब, पैकेजिंग सामग्री और अन्य सामान जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक को 29 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि तेलो पूर्वी बहियारटांड़ स्थित हनुमान मंदिर के सामने कामेश्वर कुमार अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध विदेशी शराब का निर्माण और कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसमें उत्पाद विभाग की टीम भी शामिल थी।
छापेमारी के दौरान कामेश्वर कुमार के घर से बड़ी मात्रा में अवैध रूप से निर्मित विदेशी शराब तथा शराब बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके सहयोगियों विनय कुमार, दिनेश प्रजापति और कृष्णा कुमार के घरों में भी छापेमारी की, जहां से भी अवैध विदेशी शराब बरामद हुई।
जब्त सामग्री
पुलिस ने विभिन्न ब्रांडों के नाम से तैयार की गई नकली विदेशी शराब की पेटियां, जिनमें ब्लैक टाइगर व्हिस्की, ऑफिसर्स चॉइस (12 पेटी), मैकडॉवेल नं.-1 (15 पेटी), रॉयल चैलेंजर (3 पेटी) और स्टर्लिंग रिजर्व (4 पेटी) शामिल हैं, बरामद की हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में झारखंड एक्साइज के लोगो वाले ढक्कन, शराब के स्टीकर/रैपर तथा कांड में प्रयुक्त पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में कामेश्वर कुमार (33), विनय कुमार (32), दिनेश प्रजापति (41) और कृष्णा कुमार (19) शामिल हैं। इस संबंध में चन्द्रपुरा थाना कांड संख्या 75/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कामेश्वर कुमार के विरुद्ध पहले से भी अवैध शराब कारोबार सहित विभिन्न मामलों में चन्द्रपुरा एवं दुग्दा थाने में कई प्राथमिकियां दर्ज हैं। वह वर्ष 2019, 2023 और 2026 के अलग-अलग मामलों में भी आरोपी रह चुका है।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई जारी है।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
