Home » News Update » छह पंचायतों के हजारों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में, सरकारी हाई स्कूल के अभाव में निजी स्कूलों पर निर्भर हैं छात्र

छह पंचायतों के हजारों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में, सरकारी हाई स्कूल के अभाव में निजी स्कूलों पर निर्भर हैं छात्र

गोमिया (बोकारो): बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की कथारा, बांध, झिरकी, सरहचिया, साड़म पूर्वी और साड़म पश्चिमी पंचायतों के बीच आज तक एक भी सरकारी हाई स्कूल स्थापित नहीं हो सका है। परिणामस्वरूप इन छह पंचायतों के हजारों विद्यार्थियों को कक्षा 9 और 10 की पढ़ाई के लिए कई किलोमीटर दूर स्थित सरकारी विद्यालयों का रुख करना पड़ता है या फिर मजबूरी में निजी विद्यालयों में दाखिला लेना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में माध्यमिक शिक्षा के लिए सरकारी विद्यालय नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को झेलनी पड़ रही है। निजी विद्यालयों की फीस, परिवहन और अन्य खर्च उठाना हर परिवार के लिए संभव नहीं है। वहीं दूर स्थित सरकारी स्कूलों तक प्रतिदिन आने-जाने में समय, किराया और सुरक्षा जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। इसका सबसे अधिक असर छात्राओं की शिक्षा पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इन छह पंचायतों की आबादी और विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए क्षेत्र के मध्य एक सरकारी हाई स्कूल की स्थापना वर्षों से जरूरी है। कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के समक्ष यह मांग रखी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
शिक्षा प्रेमियों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग से मांग की है कि छह पंचायतों के बीच जल्द से जल्द एक सरकारी हाई स्कूल की स्थापना की जाए। उनका कहना है कि इससे हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा मिलेगी, निजी विद्यालयों पर निर्भरता कम होगी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि शिक्षा विकास की आधारशिला है। यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले वर्षों में भी हजारों बच्चों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित होता रहेगा। उन्होंने सरकार से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस बहुप्रतीक्षित मांग को शीघ्र पूरा करने की अपील की है।

मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal