Home » News Update » महंगाई, बेरोजगारी और उत्तर कोयल परियोजना समेत कई मुद्दों पर नवीनगर में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

महंगाई, बेरोजगारी और उत्तर कोयल परियोजना समेत कई मुद्दों पर नवीनगर में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

औरंगाबाद से अविनाश कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड मुख्यालय परिसर में शनिवार को प्रखंड कांग्रेस कमिटी के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष विनय सिंह ने की, जबकि मंच संचालन संतन सिंह ने किया। धरना में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के माध्यम से राज्यपाल के नाम अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट परीक्षा में कथित धांधली की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने, बढ़ती महंगाई एवं बेरोजगारी पर नियंत्रण लगाने, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा ज्ञापन में उत्तर कोयल नहर परियोजना को शीघ्र पूरा करने, सिंचाई सुविधा से वंचित क्षेत्रों में सिंचाई व्यवस्था का विस्तार करने तथा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा किए गए वादों को लागू करने की भी मांग उठाई गई। धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए औरंगाबाद के पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनता से किए गए वादों को भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता एवं युवा वर्ग परेशान हैं। नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, जिससे देशभर के छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश है।

उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं, किसानों और गरीबों के हित में गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने उत्तर कोयल नहर परियोजना को क्षेत्र के किसानों के लिए जीवनरेखा बताते हुए इसे जल्द पूरा कराने की मांग की। धरना सभा को पूर्व अध्यक्ष संतन सिंह, सतेंद्र सिंह, श्यामबिहारी सिंह, रविंद्र पांडेय सहित कई कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal