औरंगाबाद: जिले के कुटुंबा प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय किशुनपुर में मिड-डे मील योजना में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम पुकार मेहता पर मिड-डे मील का 41 बोरा चावल बाजार में बेचने का आरोप लगाते हुए रंगे हाथ पकड़ने का दावा किया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने चावल से लदे पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को प्रधानाध्यापक कथित रूप से आगे-आगे चल रहे थे और उनके पीछे मिड-डे मील के चावल से लदा पिकअप वाहन स्कूल से बाजार की ओर जा रहा था। संडा गांव के समीप ग्रामीणों को संदेह होने पर वाहन को रोककर पूछताछ की गई। चालक द्वारा दिखाए गए दस्तावेजों से चावल विद्यालय का होने की बात सामने आने का दावा किया गया। इस दौरान प्रधानाध्यापक मौके से चले गए।
ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही अंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 41 बोरा चावल से लदे पिकअप वाहन को जब्त कर थाने ले गई।
ग्रामीणों ने अंबा थाना में लिखित शिकायत देकर प्रधानाध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि संबंधित प्रधानाध्यापक पर पहले भी मिड-डे मील का चावल बेचने तथा विद्यालय संचालन में अनियमितता के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन हर बार मामला दबा दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों ने चावल को वापस विद्यालय में उतरवाने का प्रयास किया, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। उनका कहना था कि निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रणविजय कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है तथा विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर ग्राम पंचायत संडा के मुखिया गुलाम सरवर, पंचायत समिति प्रतिनिधि दिलीप कुमार पासवान, सरपंच रमेश मालाकार, वार्ड सदस्य एजाज अंसारी, मुकेश कुमार, अक्षय कुमार, कुंदन मालाकार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
फिलहाल पुलिस ने जब्त चावल और पिकअप वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
