तेनुघाट : बेरमो अनुमंडल पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह ने कई जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को अनुमंडल स्तरीय मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक शामिल हुए।
उनके द्वारा कानून-व्यवस्था और लंबित कांडों की समीक्षा की गई।
गोष्ठी में अनुमंडल क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट-वारंटी की तामिला, अवैध खनन, शराब तस्करी और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने सभी थाना प्रभारियों से लंबित कांडों को जल्द निपटाने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने का निर्देश दिया।
अपराध नियंत्रण पर दिया जोर
एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी थाना क्षेत्र में गश्ती बढ़ाई जाए, संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाए और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने साइबर अपराध, नशा तस्करी और महिला संबंधी अपराधों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
जनता से सहयोग की अपील
एसडीपीओ ने पुलिस अधिकारियों को जनता से बेहतर समन्वय स्थापित करने और शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस-जनता के बीच विश्वास बढ़ाकर ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
गोष्ठी में सभी थाना प्रभारी ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और उपलब्धियों की जानकारी एसडीपीओ को दी।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980