दूरस्थ बिरहोर टांडा तक पहुंचा लोकतंत्र का भरोसा, हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध जिला प्रशासन।
समय पर गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराने और अभियान में सहयोग की अपील।
बोकारो: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने बुधवार को गोमिया प्रखंड की सियारी पंचायत स्थित डुमरी बिरहोर टांडा तथा तुलबुल पंचायत के पिंड्रा गांव के पीवीजीटी टोला का भ्रमण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक मतदान प्रक्रिया की पहुंच सुनिश्चित हो और कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहे।
भ्रमण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 49 एवं 144,145 के बीएलओ क्रमशः सुनता देवी/वृंदा देवी/दुलारी देवी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं वोलेंटियर्स से संवाद कर गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन कार्य की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को अभियान में और अधिक तेजी लाने, प्रत्येक घर तक पहुंचने तथा कार्य को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीईओ सह डीसी ने बिरहोर समुदाय के ग्रामीणों के बीच बैठकर संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं को गांव तक पहुंचाना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना भी है।
डीईओ सह डीसी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे गणना प्रपत्र समय पर सही जानकारी के साथ भरकर अपने बीएलओ को उपलब्ध कराएं तथा एसआईआर-2026 अभियान को सफल बनाने में पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आपका एक छोटा-सा सहयोग आपके मताधिकार को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बीएलओ एवं वोलेंटियर्स से भी कहा कि वे संवेदनशीलता, धैर्य और समर्पण के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि दूरस्थ और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदाय (पीवीजीटी) का कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण अभियान से छूटने नहीं पाए।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि लोकतंत्र की यह प्रक्रिया हर घर और हर व्यक्ति तक सम्मानपूर्वक पहुंचे।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980