जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए बोकारो में निःशुल्क हृदय जांच एवं हार्ट ऑपरेशन शिविर
बोकारो: जिले के आमजन को सूचित किया जाता है कि झारखंड सरकार, स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के “गिफ्ट ऑफ लाइफ” अभियान के तहत जन्मजात हृदय रोग (Congenital Heart Disease-CHD) से पीड़ित बच्चों के लिए 18 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक न्याय सदन सभागार, कैंप-2, बोकारो में निःशुल्क हृदय जांच एवं हार्ट ऑपरेशन पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
सिविल सर्जन, बोकारो डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं उच्चस्तरीय उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि उनका समुचित इलाज सुनिश्चित किया जा सके।
डी.ई.आई.सी. (DEIC) मैनेजर मो. वसीम ने बताया कि इस शिविर में 0 से 18 वर्ष तक के ऐसे सभी बच्चे, जिन्हें जन्मजात हृदय रोग की समस्या है अथवा उसके लक्षण दिखाई देते हैं, निःशुल्क जांच करवा सकते हैं। जांच के उपरांत आवश्यकता अनुसार चयनित बच्चों का अमृता अस्पताल, कोच्चि (केरल) में हार्ट ऑपरेशन एवं उपचार पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा।
विशेषज्ञों के अनुसार यदि किसी बच्चे को सांस लेने में कठिनाई, बार-बार निमोनिया या छाती में संक्रमण, वजन नहीं बढ़ना, शारीरिक कमजोरी, होंठ, नाखून या त्वचा का नीला पड़ना (सायनोसिस), दूध पीते समय जल्दी थक जाना अथवा दिल की धड़कन असामान्य रूप से तेज महसूस होना जैसी समस्याएं हों, तो यह जन्मजात हृदय रोग के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे बच्चों को इस शिविर में अवश्य लाकर जांच कराएं।
शिविर में पंजीकरण एवं अधिक जानकारी के लिए मो. वसीम (मोबाइल: 7979087408) तथा डॉ. अरविंद कुमार, मेडिकल ऑफिसर, RBSK, चास (मोबाइल: 8540980440) से संपर्क किया जा सकता है।
सिविल सर्जन, बोकारो डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि यदि उनके परिवार या आसपास किसी बच्चे में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण दिखाई दें, तो इस निःशुल्क शिविर का लाभ अवश्य उठाएं। समय पर जांच एवं उपचार से बच्चों को स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन प्रदान किया जा सकता है।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980