फुसरो: राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए कड़े दिशा-निर्देशों के आलोक में शुक्रवार को बेरमो प्रखंड सभागार कक्ष में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मतदाता सूची का विशेष ग्रहण पुनरीक्षण कार्यक्रम SIR 2026 के तहत चल रहे कार्यों की वर्तमान प्रगति का आकलन करने के लिए बुलाई गई थी। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी बेरमो संजीत कुमार सिंह एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी बेरमो मुकेश कुमार द्वारा की गई।
समीक्षा के दौरान अंचल अधिकारी बेरमो संजीत कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने अब तक हुए कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और जहां भी प्रगति धीमी पाई गई, वहां संबंधित कर्मियों को फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित करना सभी बीएलओ की जिम्मेदारी है।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी बेरमो मुकेश कुमार ने सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों को आपसी समन्वय के साथ फील्ड में काम करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राप्त दावों और आपत्तियों का निष्पादन कर लिया जाए, ताकि एक पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार की जा सके।
इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक में मुख्य रूप से प्रतिक कुमार सिंह, विद्या दयाल सागर, मिथिलेश कुमार पाण्डेय, उत्तम दास, प्रदीप महतो, सुनील कुमार, आनन्द प्रसाद, नरेश कुमार यादव, किशन मुण्डा, दीपक कुमार लोहरा, सुमित्रा कुमारी, उमेश कुमार महतो, नित्यानन्द महतो, कुमार आनन्द, मनोज कुमार, देवोजीत कुमार सहित क्षेत्र के सभी बीएलओ, पर्यवेक्षक और निर्वाचन विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
शंकर प्रसाद की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
