हरिहरगंज/पलामू: पलामू जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के दलपतपुर गांव में शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक और उसके पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस संबंध में पिपरा थाना कांड संख्या 39/26 दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलपतपुर निवासी अजय कुमार सिंह और उसके 19 वर्षीय पुत्र धीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि धीरेंद्र कुमार के साथ उसका कई महीनों से प्रेम संबंध था। इसी दौरान आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसके परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी, तब धीरेंद्र उसे महाराष्ट्र के पुणे ले गया, जहां शादी का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। बाद में आरोपी के पिता को इसकी जानकारी मिलने पर दोनों को गांव वापस बुलाया गया।
शिकायत के अनुसार, गांव लौटने के बाद आरोपी के पिता ने युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे घर से भगा दिया। मामले को लेकर गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि पिता के दबाव में धीरेंद्र ने शादी करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पीड़िता ने न्याय की मांग को लेकर पिपरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पिपरा थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
