नवीनगर (औरंगाबाद): टंडवा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ऑल्टो कार से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही शराब तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एएसआई राजीव कुमार एवं सशस्त्र बल के जवानों ने एक संदिग्ध ऑल्टो कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही वाहन चालक कार छोड़कर अंधेरे और आसपास के इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में रखे 36 कार्टन से करीब 270 लीटर देसी टनाका शराब बरामद की गई। बरामद शराब एवं वाहन को पुलिस ने जब्त कर थाना लाया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने बताया कि फरार शराब तस्कर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वाहन के निबंधन नंबर एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है। इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर शराब तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
