Home » News Update » झारखंड की वांछित मानव तस्कर दिल्ली से गिरफ्तार, खूंटी की एक पीड़िता का किया गया रेस्क्यू

झारखंड की वांछित मानव तस्कर दिल्ली से गिरफ्तार, खूंटी की एक पीड़िता का किया गया रेस्क्यू

नई दिल्ली/रांची:- झारखंड सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र, झारखंड भवन, नई दिल्ली के समन्वय में चाईबासा पुलिस, दिल्ली पुलिस एवं एक स्थानीय एनजीओ की संयुक्त कार्रवाई में झारखंड की वांछित मानव तस्कर को शनिवार सुबह दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। इस अभियान के दौरान मानव तस्करी की शिकार खूंटी जिले की एक बालिका को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया

गिरफ्तार मानव तस्कर के विरुद्ध चाईबासा में वर्ष 2023 से मानव तस्करी के अनेक मामलों में प्राथमिकी दर्ज थी तथा न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था। चाईबासा पुलिस पूर्व में कई बार दिल्ली आकर आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास कर चुकी थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी।

इस बार चाईबासा पुलिस, दिल्ली पुलिस, एक स्थानीय एनजीओ तथा एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र की संयुक्त रणनीति के तहत पिछले दो-तीन दिनों से आरोपी के संभावित ठिकानों एवं आसपास के क्षेत्रों की लगातार रेकी की जा रही थी। इसी क्रम में शनिवार सुबह लगभग 6 बजे आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से चाईबासा पुलिस को चार दिनों की रिमांड प्राप्त हुई है।

इसी कार्रवाई के क्रम में एक अन्य मानव तस्कर की गिरफ्तारी भी की गई, जिसके घर से खूंटी जिले की एक बालिका को बरामद किया गया। उक्त बालिका को दिल्ली के सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया जा चुका है तथा वर्तमान में उसे सुरक्षित गृह में रखा गया है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत बालिका को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि उसके सुरक्षित पुनर्वास की आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव श्री उमाशंकर सिंह ने कहा कि मानव तस्करी के मामलों में विभाग की नीति पूर्णतः जीरो टॉलरेंस की है। उन्होंने राज्य के सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे किसी भी मामले की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संबंधित जिलों के जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि आवश्यक होने पर तत्काल संयुक्त टीम बनाकर नई दिल्ली भेजी जाए, ताकि पीड़ित बच्चों एवं महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके गृह जनपद में पुनर्वासित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पुनर्वास के उपरांत पीड़ित बच्चों को झारखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा तथा उनकी सतत निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे वे दोबारा मानव तस्करी के जाल में न फंसें।

महिला एवं बाल विकास विभाग मानव तस्करी के विरुद्ध लगातार संवेदनशील एवं सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसी का परिणाम है कि अब तक मानव तस्करी के शिकार झारखंड के सैकड़ों बच्चों एवं महिलाओं का सुरक्षित रेस्क्यू कर उनका सफल पुनर्वास किया जा चुका है तथा उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया है।

ज्ञात हो कि एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र, झारखंड भवन, नई दिल्ली, झारखंड सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण संस्थान है, जो मानव तस्करी एवं अन्य संकटग्रस्त परिस्थितियों में फंसे महिलाओं एवं बच्चों के संरक्षण, बचाव, पुनर्वास तथा गृह वापसी के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। यह संपूर्ण कार्रवाई झारखंड भवन के *स्थानिक आयुक्त श्री अरवा राजकमल* के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न की गई।

Shamsher Editor in chief
Author: Shamsher Editor in chief

14/08/1980

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal