पतरातू: बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोशन लाल चौधरी ने झारखंड पर्यटन निदेशालय के निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा से मुलाकात कर पतरातू में राज्य स्तरीय पर्यटन प्रबंधन संस्थान की स्थापना की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि इस संस्थान की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
विधायक ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण राज्य है। हुंडरू फॉल, दशम फॉल, नेतरहाट, बैद्यनाथ धाम, पारसनाथ, मां छिन्नमस्तिका मंदिर, पतरातू डैम और पतरातू घाटी जैसे पर्यटन स्थल राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने की क्षमता रखते हैं। इसके बावजूद पर्यटन, होटल प्रबंधन और आतिथ्य सेवा से जुड़े उच्च स्तरीय प्रशिक्षण संस्थानों की कमी राज्य के विकास में बड़ी बाधा बनी हुई है।
श्री चौधरी ने निदेशक से आग्रह किया कि पतरातू की भौगोलिक स्थिति और पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए यहां राज्य स्तरीय पर्यटन प्रबंधन संस्थान की स्थापना की जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि संस्थान में होटल मैनेजमेंट, टूरिज्म मैनेजमेंट, इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, ट्रैवल मैनेजमेंट एवं हॉस्पिटैलिटी जैसे विषयों में आधुनिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण की व्यवस्था हो।
उन्होंने कहा कि इस संस्थान के खुलने से स्थानीय युवाओं को राज्य से बाहर गए बिना रोजगारपरक शिक्षा मिल सकेगी। साथ ही पर्यटन उद्योग को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा, जिससे झारखंड के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा और गति मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
विधायक की मांग पर पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रस्ताव पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि पतरातू में पर्यटन प्रबंधन संस्थान की स्थापना न केवल क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगी, बल्कि झारखंड को पर्यटन एवं पर्यटन शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान भी दिलाएगी।
गुलाम सरवर की खास रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
