बोकारो: पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर खान एवं खनन विभाग तथा सेक्टर-06 थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-06 थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक संगीता के नेतृत्व में गुरुवार तड़के करीब तीन बजे सेक्टर-06/बी रोड पर छापेमारी की गई। इस दौरान तीन ट्रैक्टरों को बालू का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जब जांच की गई तो ट्रैक्टरों पर लदे बालू के लिए कोई वैध ई-परिवहन चालान प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
जब्त किए गए ट्रैक्टरों के निबंधन संख्या JH09BF-2743, JH09BB-3591 एवं JH10CB-6116 हैं।
खनन निरीक्षक, बोकारो द्वारा नियमानुसार तीनों ट्रैक्टरों को अवैध बालू खनिज सहित जब्त कर लिया गया। सभी वाहनों को सुरक्षित रूप से सेक्टर-06 थाना परिसर में अभिरक्षा में रखा गया है।
पुलिस एवं खान विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध आगे भी लगातार संयुक्त अभियान चलाया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
