छत्तरपुर: (पलामू) उग्रवाद, अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पलामू पुलिस के निर्देश पर बुधवार, 19 अगस्त 2026 को छत्तरपुर अनुमंडल कार्यालय में अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक शाम 4 बजे शुरू हुई।
बैठक की अध्यक्षता हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) आईपीएस दिव्यांश शुक्ला ने की, जबकि मेजबानी छत्तरपुर SDPO प्रशांत कुमार ने की। बैठक में पलामू जिले से सटे बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, असिस्टेंट कमांडेंट एवं विभिन्न थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में नक्सली गतिविधियों एवं अन्य आपराधिक घटनाओं से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर पुलिस समन्वय तथा संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान चलाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।
अंतर्राज्यीय सीमा पर स्थित चेक पोस्टों को सुदृढ़ करने, आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने तथा वांछित अपराधियों एवं वारंटियों की सूची दोनों राज्यों के बीच साझा करने पर सहमति बनी। ऐसे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में अवैध हथियार, मादक पदार्थ, अवैध शराब एवं पशु तस्करी जैसी गतिविधियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि दोनों राज्यों की पुलिस के बीच नियमित संवाद और सूचनाओं का आदान-प्रदान बढ़ाकर सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।
पलामू पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
