पलामू/छतरपुर: छतरपुर पुलिस अनुमंडल क्षेत्र में सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों से लाखों रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के कब्जे से बरामद चोरी के सामान की कुल कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। मामले में पुलिस ने पूर्व पंचायत समिति सदस्य अवधेश कुमार भुईयाँ को कथित रूप से मास्टरमाइंड बताते हुए उसके साला अमोद भुईयाँ को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, विशेष अभियान के तहत 30 अगस्त 2026 को नामुदाग स्थित अवधेश कुमार भुईयाँ के घर की घेराबंदी कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर से बड़ी संख्या में चोरी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान बरामद किए गए। इनमें प्रिंटर, लैपटॉप, CPU, कंप्यूटर, मॉनिटर, इन्वर्टर, बैटरी, होम थिएटर, लेमिनेशन मशीन, गैस सिलेंडर, कुर्सी सहित कई सामान शामिल हैं।
कई सरकारी कार्यालय और संस्थान निशाने पर
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर छतरपुर प्रखंड कार्यालय, विद्युत कार्यालय, पाटन प्रखंड कार्यालय, नौडीहा बाजार प्रखंड कार्यालय, नावाटांड़ पंचायत सचिवालय, फोटो कॉपी दुकान और नामुदाग हाई स्कूल समेत कई स्थानों पर चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार, अवधेश कुमार भुईयाँ वर्ष 2010 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुआ था और सरकारी कार्यालयों एवं स्कूलों में उसका नियमित आना-जाना था। पुलिस का दावा है कि इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साला अमोद भुईयाँ के साथ मिलकर सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों को निशाना बनाया।
भारी मात्रा में सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 13 प्रिंटर, Acer कंपनी का लैपटॉप, ऑल-इन-वन कंप्यूटर, Dell एवं Lenovo के CPU, Acer मॉनिटर, Luminous बैटरी, दो इन्वर्टर, होम थिएटर, लेमिनेशन मशीन, माउस-चार्जर, गैस सिलेंडर, मूविंग चेयर और तीन मोटरसाइकिल समेत कई सामान बरामद किए हैं।
इस संबंध में नौडीहा बाजार थाना कांड संख्या 83/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 दर्ज कर BNS की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं में आरोपियों की भूमिका और गिरोह से जुड़े संभावित अन्य सदस्यों का भी पता लगाने में जुटी है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में एसडीपीओ छतरपुर प्रशांत कुमार, थाना प्रभारी नीरज कुमार, पु0अ0नि0 मनोज कुमार सिंह, स0अ0नि0 राजेश बैठा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
