गोमिया: गोमिया प्रखंड के साड़म स्थित संतोषी मंदिर प्रांगण में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सात दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव के दौरान मंदिर समिति की ओर से भव्य मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के सैकड़ों गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और मेले का आनंद लिया।
महोत्सव के दौरान दिवंगत गोमिया के जननायक माधव लाल सिंह की प्रतिमा बनाकर स्थापित की गई, जो लोगों के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। प्रतिमा के माध्यम से लोगों को पूरे महोत्सव के दौरान दिवंगत माधव लाल सिंह की मौजूदगी का एहसास होता रहा। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उनकी प्रतिमा के प्रति सम्मान प्रकट किया।
इसी क्रम में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो भी महोत्सव में पहुंचे। उन्होंने दिवंगत माधव लाल सिंह की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में जिप सदस्य प्रकाश लाल सिंह, आकाश लाल सिंह, जुनेद आलम, मोहम्मद वारिस समेत अन्य समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने धार्मिक आयोजन के साथ मेले का भी आनंद लिया।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
