गिरिडीह: विश्व शांति दिवस पर इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने शहर के दो विद्यालयों में शांति, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान पहले
सुबह कार्मेल स्कूल में करीब 2,000 विद्यार्थियों के बीच क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला ने विश्व शांति का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने छोटे-छोटे कोटेशन लिखे प्लेकार्ड लेकर मंच पर खड़े होकर शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों ने एक-दूसरे की कैंडल से कैंडल जलाकर शांति की ज्योत आगे बढ़ाई। प्राचार्या सिस्टर ट्रेसिल्डा ने भी प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
इसके बाद पचंबा गर्ल्स हाई स्कूल में करीब 800 छात्राओं के बीच कार्यक्रम हुआ। छात्राओं ने बैनर और प्लेकार्ड के साथ शांति रैली निकाली। यह रैली विद्यालय परिसर से निकलकर पचंबा की गलियों और विभिन्न मोहल्लों तक गई, जहां छात्राओं ने लोगों को शांति, सद्भाव, प्रेम और भाईचारे के प्रति जागरूक किया। रैली में छात्राओं ने “शांति की शुरुआत हमसे होती है”, “सभी धर्म एक हैं”, “प्रेम और सद्भाव अपनाएं” तथा “हिंसा छोड़ें, शांति जोड़ें” जैसे संदेश लिखे प्लेकार्ड लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कैंडल जलाकर शांति गीत और प्रार्थना की गई। “सभी धर्म एक हैं” विषय पर लघु नाटक प्रस्तुत किया गया। भाषण, पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला ने कहा कि विश्व शांति की शुरुआत स्वयं, परिवार, विद्यालय और समाज से होती है। उन्होंने प्रेम, सहिष्णुता और संवाद अपनाने का संदेश दिया।
वंही मौके पर एडिटर समा परवीन ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि क्लब की सदस्यों ने उनके विद्यालय में इतना सुंदर और बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को शांति का संदेश दिया, इसके लिए वह क्लब की पूरी टीम को विशेष धन्यवाद देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी जागरूकता रैली और रचनात्मक कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में एडिटर समा परवीन, सेक्रेटरी संगीता सिन्हा, IPP कविता राजगढ़िया, एग्जीक्यूटिव मेंबर तनुजा भूषण एवं तनुजा सहाय, मेंबर सुधा श्रीवास्तव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं का विशेष सहयोग रहा।
