बेरमो: स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जनभागीदारी एवं स्वच्छ कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दामोदर घाटी निगम (डीवीसी), कोनार बांध परियोजना में “स्वच्छता ही सेवा” स्लोगन एवं चित्रांकन प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया।
परियोजना प्रधान राणा रणजीत सिंह के नेतृत्व में स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन कोनार परियोजना के सम्मेलन कक्ष में किया गया। प्रतियोगिता के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ परिसर से संबंधित रचनात्मक और प्रेरणादायक स्लोगन प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपने स्लोगनों के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन एवं कार्यस्थल की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रबंधक (सिविल) गोपाल महतो, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं “स्वच्छता ही सेवा” (SHS) के नोडल अधिकारी डॉ. बी.एन. मंडल, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एजाज अहमद, जूनियर इंजीनियर (सिविल) राउत सोरेन, मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश्वर कुमार रजक, राकेश कुमार, गोपाल प्रसाद, संजय दास, मुनेश्वर लाल, महेश प्रजापति, नंदलाल साहू एवं दिनेश किस्कू की सक्रिय सहभागिता रही।
इसी क्रम में डीवीसी मध्य विद्यालय एवं उच्च विद्यालय, कोनार के सभा कक्ष में छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छता ही सेवा से संबंधित चित्रांकन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण, कचरा प्रबंधन एवं प्रदूषण मुक्त परिसर जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया। बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली एवं जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन, विद्यालयी गतिविधियों तथा कार्यसंस्कृति का स्थायी हिस्सा बनाना रहा।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
