हजारों लोगों ने की शिरकत, वक्ताओं ने वालिदैन की खिदमत और सम्मान का दिया संदेश
बेरमो: बोकारो जिले के पूर्व विधायक स्वर्गीय मोहम्मद इजराइल अंसारी की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार की रात अजमत-ए-वालिदैन कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय इजराइल अंसारी के परिवार की ओर से किया गया था। कॉन्फ्रेंस में झारखंड सरकार के मंत्री सह गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद एवं स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी मुख्य रूप से शामिल हुए।
कॉन्फ्रेंस में विभिन्न स्थानों से पहुंचे मौलाना एवं उलेमाओं ने तकरीर पेश करते हुए वालिदैन के सम्मान, उनकी खिदमत तथा संतान के प्रति उनके दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि माता-पिता का सम्मान और उनकी सेवा करना संतान का महत्वपूर्ण दायित्व है।
इस अवसर पर स्वर्गीय इजराइल अंसारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के लिए किए गए अच्छे कार्य और लोगों के बीच सेवा की भावना व्यक्ति के जाने के बाद भी लंबे समय तक याद की जाती है। कार्यक्रम में स्वर्गीय इजराइल अंसारी के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं और उनके सामाजिक सरोकारों पर भी चर्चा हुई।
स्वर्गीय अंसारी के छोटे पुत्र साकिब उर्फ पिंटू अंसारी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष उनके पिता की पुण्यतिथि पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद किया जाता है। इसका उद्देश्य स्वर्गीय इजराइल अंसारी के लिए ईसाले सवाब करना तथा उनके सामाजिक जीवन एवं लोगों के प्रति किए गए योगदान को याद करना है।
कार्यक्रम में इसराफिल उर्फ बबनी, हाजी मिकाइल, साकिब अंसारी, जमील अंसारी, मोहम्मद टीपू अंसारी, मोहम्मद रब्बानी, मोहम्मद कलीम, इम्तियाज अंसारी, जुनेद आलम, जमुना यादव, हाजी कुद्दूस सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग कॉन्फ्रेंस में पहुंचे। आसपास के सैकड़ों गांवों से हजारों लोगों की मौजूदगी के कारण देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर चहल-पहल बनी रही।
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय थाना प्रभारी राहुल कुमार राम पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वर्गीय इजराइल अंसारी के परिवार के सदस्यों के अलावा स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
