आर्थिक सशक्तीकरण और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने का संकल्प
टंडवा: प्रखण्ड के ग्राम उर्सु में मानव वित्तीय सहयोग संस्था की उर्सु शाखा ने अपनी स्थापना के आठ वर्ष सफलतापूर्वक पूरे कर लिए। शाखा की स्थापना 2 अक्टूबर 2018 को गांधी जयंती के अवसर पर की गई थी। आठवीं वर्षगांठ के अवसर पर शाखा परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संस्था के सदस्यों, धारकों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संस्था की अब तक की गतिविधियों और उपलब्धियों पर चर्चा की गई। बताया गया कि स्थापना के बाद से ही संस्था द्वारा क्षेत्र में आर्थिक सशक्तीकरण, वित्तीय समावेशन तथा छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। स्थानीय युवाओं, महिला उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया गया।
संस्था की ओर से बताया गया कि स्थानीय स्तर पर सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को प्रोत्साहन देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा दूरदराज के लोगों तक वित्तीय एवं सामाजिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। इसके अलावा बदलते आर्थिक परिवेश के अनुरूप कौशल विकास, मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किए गए हैं।
इस अवसर पर शाखा निदेशक तारकेश्वर कुमार साहू ने कहा कि 2 अक्टूबर 2018 को शाखा की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करना था। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में संस्था ने विभिन्न चुनौतियों के बीच अपने उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने का प्रयास किया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय संस्था के सदस्यों की मेहनत और स्थानीय लोगों के विश्वास को दिया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की आगामी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। आने वाले समय में डिजिटल तकनीक के विस्तार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देने की बात कही गई।
कार्यक्रम में संस्था के सदस्य अनिल कुमार साहू, संजय राम, आनंद कुमार, पिंटू कुमार, सुनील भुईयां, पूजा देवी, ममता देवी, भारत गंजू सहित दूसरे शाखा के शुभम कुमार और प्रकाश कुमार मौजूद रहे। वहीं धारकों में सिकंदर भुईयां और पप्पू उरांव समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। सभी उपस्थित लोगों ने संस्था की आठवीं वर्षगांठ पर एक-दूसरे को बधाई दी और संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कामेश्वर गुप्ता की रिपोर्ट,
