बेरमो: गोमिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लड्डू फैक्ट्री के पास रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो तेज रफ्तार बाइकों में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे नैनाटांड़ निवासी युवक शाहिल यादव एवं सियारी निवासी सुखराम मरांडी की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना शाम करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल गोमिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइकों के नंबर JH09BP4534 और JH09BK2175 हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
विनीत मुंडा की रिपोर्ट
