बेरमो: प्रखंड विकास पदाधिकारी बेरमो मुकेश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जेएसएलपीएस पलाश के तहत संचालित एनआरएलएम योजना की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की गई और उन्हें ससमय पूरा करने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी बेरमो मुकेश कुमार ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी दीदियों के उत्थान के लिए चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने टीम को निर्देश दिया कि लखपति दीदी योजना की एंट्री, एसएचजी सदस्यों का ई-केवाईसी, चक्रीय निधि के लिए आवेदन, बैंक लिंकेज और ई-वाहन के आवेदनों में तेजी लाई जाए। इसके साथ ही महिला उद्यमी फंड, मुद्रा लोन, एसएचजी के नए खाते खोलने, फूलो झानो आशीर्वाद योजना, डीडीयूजीकेवाई और आरसेटी के तहत चल रहे कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सबसे अधिक जोर मुख्यमंत्री इनक्यूबेटर प्रोग्राम पर दिया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री मुकेश कुमार ने इस कार्यक्रम को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए एनआरएलएम टीम को सख्त निर्देश दिया कि इसके तहत निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में 11 अक्टूबर 2026 तक पूरा कर लिया जाए, ताकि योजना का लाभ लक्षित समूह तक पहुंच सके। यह निर्णय लिया गया है कि दिए गए सभी निर्देशों और इंडिकेटर्स की प्रगति रिपोर्ट का दोबारा मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए आगामी शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को बीडीओ बेरमो मुकेश कुमार की अध्यक्षता में एक और समीक्षा बैठक बुलाई गई है। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, एफटीसी, सीसी, अकाउंटेंट और डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित एनआरएलएम टीम के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
शंकर प्रसाद की रिपोर्ट,
