टंडवा: औद्योगिक नगरी टंडवा में कोयला ढुलाई में लगे भारी वाहनों से सड़क सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। सोमवार की शाम टंडवा प्रखंड कार्यालय के समीप मंजराही में पीएनएम की कोल ढुलाई में लगे हाइवा की चपेट में आने से बसेरिया निवासी वासुदेव महतो (अधेड़) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा की चपेट में आने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक सड़कों पर पीएनएम समेत अन्य कंपनियों के कोल वाहनों की आवाजाही और उनकी गति पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति, रूट और परिचालन व्यवस्था की सख्ती से निगरानी कराने की मांग की है।
कामेश्वर गुप्ता की रिपोर्ट,
