बेरमो: जन्मजात कटे होंठ एवं तालू (Cleft Lip and Palate) से प्रभावित बच्चों को सामान्य जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को गोविंदपुर डी पंचायत भवन में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं ऑपरेशन चयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन ऑपरेशन स्माइल के सहयोग से सहयोगिनी एवं पंच सूत्र फाउंडेशन द्वारा किया गया।
शिविर का उद्घाटन गोविंदपुर डी पंचायत की मुखिया चंदना मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए ऐसे बच्चों का ऑपरेशन कराना कठिन होता है। ऐसे में निःशुल्क जांच, चयन और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय पहल है। इससे बच्चों के आत्मविश्वास और सामाजिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकीय जांच के बाद 18 बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयन किया गया। चयनित बच्चों का ऑपरेशन दुर्गापुर स्थित ऑपरेशन स्माइल अस्पताल में किया जाएगा। शिविर में कसमार, पेटरवार एवं बेरमो प्रखंड के बच्चे और उनके अभिभावक पहुंचे।
सहयोगिनी के रवि कुमार ने बताया कि ऑपरेशन स्माइल के माध्यम से अब तक सैकड़ों बच्चों का सफल ऑपरेशन कराया जा चुका है। संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक इस सुविधा को पहुंचाना है, ताकि कोई बच्चा केवल आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित न रहे। पंच सूत्र फाउंडेशन के निदेशक गुलाब चंद्र ने कहा कि बेरमो प्रखंड में इस तरह का शिविर आयोजित करने का यह पहला प्रयास है। दुर्गापुर से आए ऑपरेशन स्माइल के चंदन कुमार ने बताया कि बोकारो जिले के सैकड़ों बच्चों का अब तक सफल ऑपरेशन किया जा चुका है। आयोजकों ने बताया कि ऐसे शिविर का उद्देश्य केवल ऑपरेशन कराना ही नहीं, बल्कि प्रभावित बच्चों को स्वस्थ, आत्मविश्वासी और सामाजिक रूप से सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर देना तथा अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाना है।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
