चतरा: उत्क्रमित उच्च विद्यालय पिंडारकोण के एनसीसी कैडेट अमन कुमार राणा का चयन बिहार एवं झारखंड डायरेक्टरेट से ‘ऑल इंडिया ट्रैकिंग कैंप’ के लिए हुआ है। अमन कुमार इस राष्ट्रीय कैंप में हिस्सा लेने के लिए ईटानगर अरुणाचल प्रदेश के लिए रवाना हो चुके हैं।
बुधवार को विद्यालय के एनसीसी ऑफिसर सह शिक्षक दीपक कुमार, कैडेट अमन को लेकर हजारीबाग पहुँचे, जहाँ से अन्य एनसीसी अधिकारियों एवं टीम के साथ उन्हें ईटानगर के लिए रवाना किया गया।
यह ऑल इंडिया ट्रैकिंग कैंप 10 अक्टूबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में आयोजित किया जा रहा है। इस कैंप में देश के सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से चुने हुए एनसीसी कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन के दौरान कैडेट्स को अनुशासन, फायरिंग तथा अरुणाचल प्रदेश के प्रमुख सांस्कृतिक एवं दार्शनिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
इस शानदार उपलब्धि पर चतरा जिला की जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक विकास कुमार केसरी तथा विद्यालय के सभी शिक्षकों ने कैडेट अमन कुमार राणा और एनसीसी ऑफिसर दीपक कुमार को बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
