Home » News Update » एसआईआर-2026 मेगा कैंप की तैयारी पूरी करने का निर्देश, अनुपस्थित बीएलओ पर होगी कार्रवाई

एसआईआर-2026 मेगा कैंप की तैयारी पूरी करने का निर्देश, अनुपस्थित बीएलओ पर होगी कार्रवाई

10 अक्टूबर को सुबह 11 से शाम 4 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा शिविर, बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ होंगे सम्मानित

बोकारो: एसआईआर-2026 के तहत दस्तावेज सत्यापन, सुनवाई और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने शुक्रवार को संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाले मेगा कैंप की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मेगा कैंप के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाताओं से आवश्यक प्रपत्र प्राप्त करने, दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने तथा लंबित मामलों में सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कैंप समाप्त होने के बाद प्राप्त प्रपत्रों और दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा।

 

उप विकास आयुक्त को सौंपी गई जिम्मेदारी

 

मेगा कैंप के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को अभियान का वरीय पदाधिकारी बनाया गया है। उन्हें तैयारियों की समीक्षा करने, संबंधित पदाधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करने और कैंप की प्रगति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

 

उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर-2026 के तहत पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समयसीमा में लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें।

 

बीएलओ की अनुपस्थिति पर वेतन-मानदेय स्थगित

 

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेगा कैंप के दौरान सर्वाधिक प्रपत्र प्राप्त एवं संग्रह करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने वाले बीएलओ और अन्य प्रतिनियुक्त कर्मियों का एक दिन का वेतन एवं मानदेय स्थगित रखा जाएगा। कर्मियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी करने और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश भी दिया गया।

 

जेएसएलपीएस की दीदियां करेंगी सहयोग

 

मेगा कैंप में बीएलओ की सहायता के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की दीदियों का सहयोग लिया जाएगा। वे मतदाताओं को कैंप की जानकारी देने, आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने में मदद करेंगी।

 

चास और बीएस सिटी में गठित हुआ धावा दल

 

बीएस सिटी और चास शहरी क्षेत्र में बीएलओ तथा अन्य प्रतिनियुक्त कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए धावा दल गठित किया गया है। यह दल विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर कैंपों की स्थिति और कर्मियों की उपस्थिति की जांच करेगा, ताकि शिविरों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

 

12 से 16 अक्टूबर तक लगेंगे विशेष शिविर

 

बैठक में 12 से 16 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विशेष शिविरों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) को ऐसे गांवों, टोलों और बसावटों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जहां मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष शिविर लगाने की आवश्यकता है। सूची के आधार पर आवश्यकतानुसार शिविर आयोजित किए जाएंगे।

 

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करने को कहा, ताकि दस्तावेज सत्यापन, सुनवाई और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके तथा पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal