टंडवा: थाना क्षेत्र में सक्रिय माओवादी तत्वों और अपराधियों के खिलाफ चतरा पुलिस ने एक बार फिर करारा प्रहार किया है। टंडवा थाना पुलिस को मिली गुप्त सूचना और कोर्ट के कड़े रुख के बाद, लंबे समय से फरार चल रहे माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य उमेश गंझू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान उमेश गंझू पिता दीनबंधु गंझू, ग्राम गोडवार, थाना टंडवा, जिला चतरा के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए टंडवा थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने साफ़ शब्दों में कहा कि कानून से भाग रहे अपराधियों और असामाजिक तत्वों के लिए ज़िले में कोई जगह नहीं है। उन्होंने बताया कि उमेश गंझू टंडवा थाना कांड संख्या 47/2023 दिनांक 12 मार्च 2023 धारा 17(i)(ii) CLA एक्ट के तहत दर्ज मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त था। माननीय न्यायालय द्वारा इसके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित रणनीति बनाकर छापेमारी की और इसे धर-दबोचा। कागज़ी कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को सीधे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस बेबाक कार्रवाई से इलाके के आपराधिक और उग्रवादी तत्वों में हड़कंप मच गया है।
कामेश्वर गुप्ता की रिपोर्ट,
