बेरमो: दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर सामाजिक संस्था “सत्यलोक – एक नई आशा” ने गोमिया स्थित माहेर संस्था में साड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। संस्था ने वहां रह रही 22 जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण किया और बच्चों के बीच टॉफियां बांटकर खुशियां साझा कीं।
संस्था की सदस्य श्वेता सिन्हा, जो वर्तमान में बेल्जियम में रह रही हैं, ने इस कार्यक्रम के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इससे पहले भी उनके सहयोग से रेलवे कॉलोनी के प्राथमिक विद्यालय में जरूरतमंद बच्चों के बीच स्कूल बैग वितरित किए गए थे।
संस्था के डॉ. एस. एन. राय ने बताया कि दुर्गा पूजा को देखते हुए माहेर संस्था से संपर्क किया गया था। जानकारी मिली कि वहां 22 महिलाएं रहती हैं, जिन्हें त्योहार पर साड़ियों की आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए 22 साड़ियों की व्यवस्था कर वितरण किया गया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों की भविष्य की जरूरतों की भी जानकारी ली गई ताकि आगे भी सहयोग किया जा सके।
सत्यलोक संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में वर्षों से कार्य कर रही है। संस्था का मानना है कि त्योहारों की खुशी तभी सार्थक है जब वंचित वर्ग भी उसमें शामिल हो। संस्था आगामी दिनों में जरूरतमंद बच्चों को नए कपड़े और दीपावली पर उपहार पैकेट वितरित करने की भी तैयारी कर रही है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में माहेर संस्था के सदस्यों के साथ सत्यलोक के रोहन, सुबोध, गणेश, नंदिनी, चांदनी, मानस्वी संजीत और अतुल का विशेष योगदान रहा।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
