एसडीपीओ ने लोगो से किया अपील, बाइक पार्क करते समय लॉक जरूर लगाएं।
पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिल और दो स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब तीन वर्षों से झारखंड और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी कर कम कीमत पर बेचते थे। इसकी जानकारी हुसैनाबाद के एसडीपीओ आईपीएस दिव्यांश शुक्ल ने प्रेस वार्ता में दी। एसडीपीओ ने बताया कि हुसैनाबाद थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चला रही थी।इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे बराही धाम जाने वाले रास्ते के मुख्य गेट के पास वाहन जांच की जा रही थी। रात करीब 11:30 बजे दंगवार की ओर से जपला आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। मोटरसाइकिल के कागजात नहीं दिखाने पर पूछताछ की गई, जिसमें उसने बाइक चोरी की होने की बात बताई।उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दंगवार स्कूल मैदान से दो अन्य आरोपियों को चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिषु कुमार 19 वर्ष, पिता अमेन्द्र सिंह, निवासी चंदोखर; अभिषेक कुमार करीब 19 वर्ष, पिता सुनील सिंह, निवासी धोबडिहा; और आयुष कुमार करीब 18 वर्ष, पिता सन्नी कुमार सिंह, निवासी चंदोखर, थाना नवीनगर, जिला औरंगाबाद, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब तीन वर्षों से हुसैनाबाद, अंबा, टंडवा, नवीनगर, कुटुंबा और औरंगाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी करने तथा उन्हें कम कीमत पर बेचने की बात बताई। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
तीन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद
पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की काली हीरो मोटरसाइकिल, रजिस्ट्रेशन नंबर BR24S 5610 वाली काली स्प्लेंडर और BR26M 6528 नंबर वाली सिल्वर-काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा दो स्मार्ट मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
बाइक पार्क करते समय लॉक जरूर लगाएं: एसडीपीओ
एसडीपीओ आईपीएस दिव्यांश शुक्ल ने मीडिया के माध्यम से आम जनता से अपील की कि मोटरसाइकिल कहीं भी पार्क करते समय उसमें अच्छी तरह लॉक जरूर लगाएं। उन्होंने कहा कि बाइक की सुरक्षा के प्रति सावधानी बरतना जरूरी है, ताकि चोरी की घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वालों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि चोरी की बाइक खरीदने वाले लोग भी इस अपराध में भागीदार माने जाएंगे। ऐसे लोगों के खिलाफ भी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सस्ते दाम के लालच में चोरी की मोटरसाइकिल नहीं खरीदने की अपील की।एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी और संबंधित मामलों के अनुसंधान को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
छापेमारी दल में इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी चंदन कुमार, देवरी ओपी प्रभारी राजू गुप्ता, एसआई संतोष दास एवं विमल कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
