औरंगाबाद (नबीनगर) ईद और रामनवमी के मद्देनजर टंडवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी धनंजय कुमार ने की, जिसमें स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों, प्रबुद्ध नागरिकों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। 
थाना प्रभारी ने सभी से त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। बैठक में निर्णय लिया गया कि ईद और रामनवमी के दौरान डीजे बजाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा, ताकि किसी भी तरह की अशांति न हो, संवेदनशील इलाकों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और बिना लाइसेंस के किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।
महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
शोभायात्रा और ईद की नमाज के लिए रूट चार्ट व समय सारिणी तय की गई,असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा,
सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद गणमान्य व्यक्तियों ने विश्वास जताया कि दोनों पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे। बैठक में वर्तमान मुखिया राम प्रसाद राम, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अभय बैध, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार, पैक्स अध्यक्ष अश्विनी कुमार सौरभ, पूर्व पैक्स अध्यक्ष संजय पासवान, समाजसेवी रमाशंकर सिंह, समाजसेवी अरुण सिंह, रणविजय सिंह, मुमताज अली, सुरेश भारती, श्रीकांत सिंह, राकेश कुमार सिंह समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दें और ईद व रामनवमी को आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं।
औरंगाबाद से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
