बेरमो :-केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में तरुणोत्सव कार्यक्रम बहुत धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी आर डे ने दीप प्रज्वलित कर और माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित करके कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।
*कार्यक्रम के मुख्य बिंदु*
– कक्षा 10 के कक्षाध्यापकों ने तरुणोत्सव कार्यक्रम के विषय में विस्तार से बताया।
– विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और परामर्श किया गया जिससे वे भविष्य में विषय और संकाय का सही चयन कर सकें।
– मूल्यांकन पद्धति, विषय चयन, विद्यार्थी की रुचि, सामाजिक दबाव, विद्यार्थी की अभिरुचि, अभिभावक की महत्वाकांक्षा आदि विषयों पर प्रकाश डाला गया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी आर डे ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में तरुणोत्सव कार्यक्रम की सार्थकता, उद्देश्य, उपयोगिता और महत्व पर विस्तृत मार्गदर्शन किया। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उन्हें स्वतंत्र रूप से विषय और संकाय चयन करने दें।
डॉ डे ने विद्यार्थियों को विभिन्न संकाय में भविष्य में अवसर, आईआईटी, एनआईटी, नीट और क्लैट से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम करके अपने सपनों को पूर्ण करने का मार्गदर्शन दिया और विद्यालय को राष्ट्र सेवा करके राष्ट्र निर्माण में योगदान करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त किए और शंका का समाधान प्राप्त किया। अभिभावकों ने भी विचार व्यक्त किए और विद्यालय हित में बहुमूल्य सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद इमरान ने और धन्यवाद ज्ञापन राकेश कुमार पाठक ने प्रस्तुत किया। इस प्रकार सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम संपन्न हुआ और सभी ने एक दूसरे का आभार व्यक्त करके राष्ट्रगान गाकर कार्यक्रम का समापन किया।
बेरमो संवाददाता राजेश सागर की रिपोर्ट,
