चतरा जिला में पहला एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र उत्कर्मित उच्च विद्यालय , पिण्डारकोण गिद्धौर में है स्थित
मो शाहबान
चतरा: राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित होकर, उत्कर्मित उच्च विद्यालय, गिद्धौर के 30 एनसीसी छात्र और छात्राएं 22 झारखंड बटालियन के मार्गदर्शन में दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए हजारीबाग के सरकारी कॉलेज रवाना होंगे। यह शिविर एनसीसी कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व कौशल और शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। 
इस शिविर में विद्यार्थी विभिन्न गतिविधियों जैसे मॉकड्रिल, हथियार चलाना, शारीरिक प्रशिक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक सेवा से संबंधित कार्यों में भाग लेंगे। विद्यालय के एनसीसी केयर टेकर ऑफिसर दीपक कुमार ने बताया कि यह शिविर छात्रों के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
22 झारखंड बटालियन के अधिकारियों के नेतृत्व में यह शिविर कैडेट्स को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। गिद्धौर के इन युवा कैडेट्स ने इस शिविर के लिए उत्साह और समर्पण के साथ तैयारी की है और वे इसे एक यादगार अनुभव बनाने के लिए तत्पर हैं।
