कथारा: सड़क सुरक्षा और हेलमेट के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्व सुगनी देवी फाउंडेशन के नेतृत्व में रांची के युवा सामाजिक कार्यकर्ता समिर कुमार यादव ने रांची से गोमिया तक 100 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की। इस अनूठी पहल का मकसद लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना था, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके।
समिर ने अपनी यात्रा राँची से सुबह 6 बजे शुरू की और गोमिया के मुख्य चौक पर इसे समाप्त किया। यात्रा के दौरान उन्होंने कई गांवो ओर कस्बो में रुककर स्थानीय लोगों, खासकर कथारा मुख्य चौक पर युवाओं और स्थानीय लोगों, को हेलमेट पहनने के फायदों के बारे में बताया। जहां कथारा के स्थानीय लोगों ने उनका भरपूर स्वागत किया।
समिर ने कहा, “हेलमेट न पहनने के कारण हर साल हजारों लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवाते हैं। मेरी यह साइकिल यात्रा एक छोटा प्रयास है जिससे लोग सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लें।” उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में बोकारो थर्मल पुल पर भलटोंगरीया निवासी हीरालाल यादव के पुत्र रोशन यादव की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
यात्रा के दौरान समिर ने सोशल मीडिया पर #HelmetSafetyRide हैशटैग के साथ अपनी यात्रा के पल साझा किए, जिसे लोगों ने खूब सराहा। गोमिया में यात्रा के समापन पर स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने समिर का स्वागत किया और उनके प्रयास को सड़क सुरक्षा के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताया।
स्थानीय निवासी हेमु यादव ने कहा, “समिर जी की यह पहल हमें याद दिलाती है कि हेलमेट सिर्फ एक नियम नहीं, बल्कि हमारी जिंदगी की सुरक्षा का जरिया है।” इस आयोजन ने न केवल हेलमेट के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि साइकिलिंग को पर्यावरण-अनुकूल और स्वस्थ जीवनशैली के रूप में भी प्रोत्साहित किया।
