Giridih : रक्षाबंधन के पावन पर्व को लेकर के बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, गिरिडीह की नन्ही मुन्नी छात्राओं ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर गिरिडीह जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार को रक्षाबंधन की ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए तिलक लगाकर परंपरागत रूप से राखी बांधी और उनकी दीर्घायु एवं सेवा भावना की ईश्वर से प्रार्थना की।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने छात्राओं की स्नेहपूर्ण भावना एवं खुशी को स्वीकार किया और उनके सुरक्षित एवं उज्जवल भविष्य की कामना की। वंही इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने छात्राओं को उपहार भी भेट किए। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर क्राइम, महिला हेल्पलाइन संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक भी किया और बताया कि किसी भी आपात स्थिति में बिना किसी झिझक पुलिस की सहायता ले। एसपी डॉक्टर विमल कुमार ने कहा कि पुलिस बल सदैव आमजन विशेष कर छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर और समर्पित है। उन्होंने छात्राओं को बालिका सुरक्षा संबंधी आवश्यक हेल्पलाइन नंबरो से भी अवगत करायाऔर कहा कि “रक्षाबंधन एक पर्व नहीं बल्कि हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारियों को याद दिलाने वाला अवसर है।” यह कार्यक्रम पुलिस उपाधीक्षक मो कौशर अली की अगुवाई में संपन्न करवाया गया।
इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार को गुलदस्ता भेंट किया और कहा कि पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने अपने व्यस्ततम समय में से हमारे विद्यालय की छात्राओं के लिए समय निकाल इसके लिए हम उन्हें हृदय से धन्यवाद देते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे।
