मो शाहबान
चतरा: रविवार को ईवा पैलेस, चतरा में निजी विद्यालय संघ, चतरा के बैनर तले जिले के सभी निजी विद्यालय संगठनों की एक अति महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) के प्रदेश महासचिव नीरज कुमार, प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त सचिव मो. मुमताज आलम, झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष आनंद कुमार सिंह सहित विभिन्न संगठनों के सभी पदाधिकारी और जिले के सभी प्रखंडों से सैकड़ों विद्यालय संचालक व प्राचार्य उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चतरा जिले के निजी विद्यालय, चाहे वे किसी भी संगठन से संबद्ध हों, जिले के मुद्दों पर एक मंच और एक आवाज के साथ कार्य करेंगे। किसी भी निजी विद्यालय को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिले के सभी प्रखंडों के निजी विद्यालय एकजुट होकर उसका समाधान करेंगे।
बैठक में गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। आरटीई (राइट टू एजुकेशन) के तहत मान्यता के मुद्दे पर चर्चा हुई, जिसमें यह राय बनी कि माननीय उच्च न्यायालय के हालिया फैसले के अनुसार, निजी विद्यालयों को आर्थिक रूप से कोई राशि जमा करने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही, जमीन के प्रश्न पर झारखंड के निजी विद्यालय संगठनों द्वारा उच्च न्यायालय में रिव्यू पिटीशन दायर की गई है, जो अभी लंबित है। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि उच्च न्यायालय के अंतिम आदेश का सभी निजी विद्यालय पालन करेंगे।
आवश्यकता पड़ने पर चतरा जिले के सभी निजी विद्यालय संगठन एकजुट होकर जिला प्रशासन और राज्य सरकार को मान्यता से संबंधित वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के लिए ज्ञापन सौंपेंगे।
बैठक में जिले के सभी प्रखंडों से आए विद्यालय संचालकों और प्राचार्यों ने एकजुटता और शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए संकल्प लिया। यह बैठक चतरा जिले के निजी विद्यालयों के लिए एकजुटता और सहयोग का एक नया अध्याय साबित होगी।
