तेनुघाट: रविवार 18 जनवरी को तेनुघाट ओपी अंतर्गत तेनुघाट एक नंबर ई-टाइप कॉलोनी स्थित एक आवास में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में पेटरवार थाना (तेनुघाट ओपी) कांड संख्या 10/26 दर्ज किया गया था।
घटना के त्वरित उद्भेदन को लेकर पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो वशिष्ठ नारायण सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड के प्राथमिक अभियुक्त गोमिया थाना क्षेत्र के मड़ई टोला निवासी महेंद्र ठाकुर एवं कथारा 2 नंबर हनुमान चौक निवासी महेंद्र प्रसाद यादव को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने एक पीले रंग के झोले में रखे जगमोहन लाल शिव रतन लाल कंपनी के चांदी के जेवर, ₹3200 नकद (₹500 के छह नोट एवं ₹200 का एक नोट), एक होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल तथा एक जियो भारत कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह के साथ पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह (जारिडीह अंचल), पुलिस अवर निरीक्षक भजनलाल महतो (तेनुघाट ओपी प्रभारी), पु.अ.नि. मनोज तिर्की, कुलदीप कुमार राम, ओपी रिजर्व गार्ड जागेश्वर मंडल, आबिद हुसैन, रामप्रवेश राम सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।
