बेरमो : डीवीसी बोकारो थर्मल बी पावर प्लांट के रेलवे यार्ड से पहली बार रेल रैक के माध्यम से ऐश पाउंड की छाई पश्चिम बंगाल भेजी गई। मंगलवार की रात्रि डीवीसी के चीफ जीएम सह एचओपी सुशील कुमार अरजरिया ने छाई से लदे रेल रैक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर एचओपी सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि रेल रैक के जरिए छाई ढुलाई का कार्य औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल रैक से छाई भेजे जाने का कोई भी प्रतिकूल प्रभाव सड़क मार्ग से होने वाली छाई ढुलाई पर नहीं पड़ेगा। सड़क मार्ग से छाई का परिवहन पहले की तरह जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि यदि यह व्यवस्था सफल रहती है तो भविष्य में रेल रैक के माध्यम से छाई ढुलाई की मात्रा और बढ़ाई जाएगी। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी।
मौके पर डीवीसी के मधुकर श्रीवास्तव, एए कुजूर, राजेश विश्वास, वरीय प्रबंधक मनीष कुमार चौधरी, आदर्श मधु, कंस्ट्रक्शन हेड देव प्रसाद खां, सूरज कुमार तिवारी सहित कई अभियंता एवं अधिकारी उपस्थित थे।
