गिरिडीह पुलिस की सीट कार्रवाई, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार स्थित रविदास मोहल्ला में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में हुई युवक की हत्या मामले का गिरिडीह पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है पुलिस के अनुसार, 5 मार्च 2026 को डीजे बजाने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
इसी दौरान अजय दास नामक युवक को चाकू मार दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना में कांड संख्या 51/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय प्रथम के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (सीट) का गठन किया गया। सीट टीम ने मानव सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में रोहित दास, रवि दास और रोनी दास शामिल हैं, जो सभी हुट्टी बाजार (हरिजन मोहल्ला) के निवासी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित दास की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले के खुलासे में सीट टीम के कई पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
