औरंगाबाद से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिला के नवीनगर थाना क्षेत्र के केवला फाटक के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मृत युवक की पहचान बेलवा गांव निवासी सुरेन्द्र सिंह के 22 वर्षीय पुत्र अमीत कुमार सिंह के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना नवीनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मृतंजय कुमार उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।
