औरंगाबाद से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिला के नवीनगर प्रखंड के टंडवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हाईवा ट्रकों को जब्त किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टंडवा थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोहरी टोला गांव के समीप छापेमारी कर अवैध मोरम लदे दो हाईवा ट्रकों को पकड़ा। दोनों वाहनों से बिना किसी वैध कागजात के मोरम का परिवहन किया जा रहा था। थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने बताया कि आसूचना संकलन के आधार पर अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जब्त किए गए ट्रकों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह के कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में भय का माहौल देखा जा रहा है।
