औरंगाबाद से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिला के नवीनगर प्रखंड के टंडवा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के मूंनगा गांव में छापेमारी कर सभी आरोपियों को दबोचा।
मामले की जानकारी देते हुए टंडवा थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने बताया कि टंडवा थाना कांड संख्या 61/26 दिनांक 11 मई 2026 में दर्ज हत्या के प्रयास मामले के प्राथमिक अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मूंनगा गांव से चार लोगों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मूंनगा गांव निवासी कौशल कुमार पिता सत्यनारायण सिंह, मंटू सिंह पिता सत्यनारायण सिंह, राजेश मिश्रा पिता समा मिश्रा तथा सरोज कुमार पिता स्वर्गीय सत्यनारायण मिश्रा के रूप में की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
