बोकारो: सदर अस्पताल बोकारो में महिलाओं को बेहतर एवं सुलभ परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंगलवार को MPA-SC सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन कार्यालय, बोकारो के सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें कुल 10 स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण एवं सदर अस्पताल बोकारो के उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को MPA-SC सेवा भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर डॉ. अनामिका सिन्हा एवं स्टाफ नर्स मीणा कुमारी मुर्मू ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
अपने संबोधन में सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण ने कहा कि MPA-SC सेवा महिलाओं को सुरक्षित एवं सुलभ परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की सेवाओं से स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में डीआरसीएचओ डॉ. शेलीना टुड्डु, डीपीएमयू कोऑर्डिनेटर अमित कुमार, PSI इंडिया के जिला प्रबंधक प्रेम कुमार, संजीव कुमार सहित कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह पहल जिले में परिवार नियोजन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
