मो शाहबान
चतरा: समाहरणालय के सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में नमामी गंगे परियोजना के अंतर्गत जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 5 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस और गंगा दशहरा के अवसर पर जन जागरूकता और प्रचार-प्रसार कार्यक्रमों की योजना बनाना था।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सिमरिया प्रखंड में निरंजना नदी के उद्गम स्थल से लेकर लावालौंग, चतरा और हंटरगंज प्रखंडों में, जहां से यह नदी गुजरती है, व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके अलावा, अन्य प्रखंडों में स्थानीय नदियों और जलाशयों के किनारे भी स्वच्छता और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के तहत श्रमदान, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, गंगा चौपाल, नुक्कड़ नाटक, गंगा स्वच्छता संकल्प, भजन-सह-सांस्कृतिक कार्यक्रम और गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे 5 जून को आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।
बैठक में उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, राज्य स्वच्छ गंगा मिशन की संप्रेषण सह सामाजिक विकास प्रबंधक अंजना भारती, जिला खेल पदाधिकारी तुषार रॉय, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
