मो साहबान
चतरा: जिला खेल विभाग द्वारा 14 जून से 26 जून तक चल रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत सोमवार को दो रोमांचक फुटबॉल मैचों का आयोजन किया गया। यह पहल युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। 
पहला मैच खेलो इंडिया सेंटर जूनियर और झुमरा टोली के बीच खेला गया, जिसमें झुमरा टोली ने 1-0 से शानदार जीत दर्ज की। दूसरा मैच खेलो इंडिया सेंटर बालिका और आवासीय बालिका सेंटर के बीच हुआ, जहां टाई-ब्रेकर में आवासीय बालिका सेंटर ने 5-4 से जीत हासिल की।
जिला खेल पदाधिकारी तुषार राय के नेतृत्व में इस अभियान के तहत रस्साकशी, पेंटिंग, फुटबॉल, साइक्लिंग और मैराथन जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय समुदाय ने इन आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम की सराहना की।
मैच के दौरान खेलो इंडिया सेंटर के कोच बासुदेव उरांव और प्रेरणा पांडेय, साथ ही खेल कार्यालय के स्टाफ सोनू कुमार और लल्लू उपस्थित थे। यह अभियान युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दे रहा है।
