Dhanbad : धनबाद में CBI ने BCCL के एक क्लर्क और CMPFO के एक अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। क्लर्क का नाम धीरज निषाद और सीएमपीएफओ के सेक्शन ऑफिसर का नाम विष्णु प्रसाद गुप्ता बताया गया। क्लर्क धीरज निषाद को CBI ने 20 हजार रुपये लेते रंगेहाथ दबोचा है।
दरअसल, एक शख्स को अपने रिटायरमेंट का पैसा निकालना था। इस वास्ते वह बार-बार BCCL कोलियरी कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। इसी दरम्यान उसकी मुलाकात BCCL के बस्ताकोला कोलियरी में काम करने वाले क्लर्क धीरज निषाद से हुई। उसने पैसे निकलवाने के एवज में 20 हजार रुपये की डिमांड की। बोला- बिना चढ़ावा माल नहीं निकलेगा। वह शख्स अपने खुद के खून-पसीने की कमाई लेने के लिए किसी भी हाल में रिश्वत नहीं देना चाहता था। वह सीधे CBI के पास शिकायत लेकर पहुंच गया। CBI ने उसके शिकायत के आधार पर जांच की। जांच में इल्जाम सही पीयी गया। इसके बाद पीड़ित शख्स को 20 हजार रुपये देकर क्लर्क के पास भेज दिया गया। जब पीड़ित शख्स बस्ताकोला कोलियरी के दफ्तर में क्लर्क को रिश्वत के पासे दे रहा था, उसी वक्त CBI ने वहां रेड मारी और क्लर्क घूस लेते रंगेहाथ धर दबोचा। उसके अलावा सीएमपीएफओ के सेक्शन ऑफिसर विष्णु प्रसाद गुप्ता को भी घूसखोरी के इल्जाम में अरेस्ट किया गया है।
