चतरा: झारखंड राज्य चतुर्थवर्गीय कर्मचारी संघ के बैनर तले आज चतरा समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया। संघ ने अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर यह प्रदर्शन किया, जिसमें चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों के लिए प्रोन्नति, ग्रेड पे में सुधार और सेवा शर्तों में बदलाव शामिल हैं।
संघ की मांगों में शामिल है कि चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों को वरीयता और योग्यता के आधार पर तृतीय वर्ग के पदों पर प्रोन्नति दी जाए। इसके साथ ही, कर्मचारियों को केंद्र सरकार के अनुरूप 1800 ग्रेड पे का वर्गीकरण समूह में शामिल करने और 10 वर्ष की सेवा के बाद ग्रेड पे को 2400 रुपये करने की मांग की गई।
संघ के जिला अध्यक्ष नागेश्वर यादव ने कहा, हमारी मांगें कर्मचारियों के हित में हैं। यदि सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करती, तो हम अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। धरने में बड़ी संख्या में सभी विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया और अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए।
यह धरना शांतिपूर्ण रहा, और कर्मचारियों ने सरकार से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें अनसुनी रहीं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मो शाहबान की रिपोर्ट,
