कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने को केंद्राधीक्षक व वीक्षकों को दिए निर्देश।
बोकारो: जिले में संचालित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी द्वारा सेक्टर 12 स्थित बीएमपी विद्यालय एवं मध्य विद्यालय आजाद नगर चास परीक्षा केंद्र का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, वीक्षण व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, केंद्र पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
डीडीसी ने केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूर्णतः कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। 
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा के पांचवें दिन आयोजित विषयों की जानकारी ली। डीडीसी ने केंद्राधीक्षक से छात्रों की उपस्थिति एवं अनुपस्थिति से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) जगरनाथ लोहरा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
