चास: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती पर भव्य कार्यक्रम आयोजित
डीसी ने छात्राओं को दिलाई समावेशी और विकसित भारत के निर्माण की शपथ।
‘शिक्षित बनो-संगठित रहो-संघर्ष करो’ के मंत्र को जीवन में उतारने का आह्वान।
चास (बोकारो): कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, चास में मंगलवार को संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।
“शादी और चूल्हा-चौका ही जीवन का लक्ष्य नहीं”
छात्राओं में जोश भरते हुए उपायुक्त ने कहा, “आपका जन्म केवल इसलिए नहीं हुआ है कि आप बड़े हों, आपकी शादी हो जाए और आप घर का चूल्हा-चौका करें। आप भारत का भविष्य हैं और आपको भावी भारत के लिए तैयार होना है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज और देश के लिए छात्राओं को बहुत कुछ करना है और इसके लिए शिक्षा ही सबसे सशक्त माध्यम है।
सामाजिक न्याय और संविधान की दी जानकारी
उपायुक्त ने छात्राओं को भारत के गौरवशाली इतिहास, 26 जनवरी के महत्व और रावी नदी के तट पर लिए गए ‘पूर्ण स्वराज’ के संकल्प के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने केवल अपने लिए नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए शिक्षा प्राप्त की और ऊँच-नीच व भेदभाव को मिटाकर सामाजिक न्याय की स्थापना की।
अधिवक्ता सहबाज अख्तर का संबोधन
विशिष्ट अतिथि उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सहबाज अख्तर ने डॉ. अंबेडकर को भारतीय संविधान का मुख्य शिल्पकार बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी संघर्ष कर उन्होंने समानता की नींव रखी। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे ‘शिक्षित बनो-संगठित रहो-संघर्ष करो’ के संदेश को आत्मसात करें।

उपायुक्त ने दिलाई सामूहिक शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों और छात्राओं को एक समावेशी व विकसित भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। शपथ के मुख्य बिंदु थे:
- स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों का सम्मान करना।
- समाज से भेदभाव मिटाकर सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना।
- शिक्षा के माध्यम से वंचित वर्गों का सशक्तिकरण करना।
- देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने शिक्षा और देशभक्ति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसकी सभी ने सराहना की।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर एनडीसी श्री प्रभाष दत्ता, डीएलएओ श्री द्वारिका बैठा, डीपीआरओ श्री रवि कुमार, डीपीओ श्री राज शर्मा, डीईओ श्री जगरनाथ लोहरा, डीएसई श्री अतुल कुमार चौबे, एपीआरओ श्री अविनाश कुमार सिंह सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
