हुसैनाबाद , पलामू से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
हुसैनाबाद (पलामू): पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल में नवपदस्थापित एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने बुधवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालते ही क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में नई उम्मीद जगी है।
कार्यालय पहुंचने पर पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद एसडीपीओ ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अपराध की प्रकृति और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों की विस्तृत जानकारी ली।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कम्युनिटी पुलिसिंग पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि लोग बेखौफ होकर अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रख सकें। साथ ही उन्होंने आम लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
एसडीपीओ ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में आने वाली शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो सके।
